Saturday 9 September 2023

मोरक्‍को का विनाशकारी भूकंप लील गया 1000 जिंदगियां, ऐतिहासिक एटलस पर्वत पर तबाह हुई कई बिल्डिंग्‍स

मोरक्‍को का विनाशकारी भूकंप लील गया 1000 जिंदगियां, ऐतिहासिक एटलस पर्वत पर तबाह हुई कई बिल्डिंग्‍स


मराकेश: 
मोरक्को में शुक्रवार देर रात आये विनाशकारी भूकंप में 1000 से ज्‍यादा लोगों की मौत हो गई। भूकंप की वजह से ऐतिहासिक मराकेश शहर से लेकर एटलस पर्वत पर स्थित गांवों तक कई इमारतें क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत कई देशों के नेताओं ने मोरक्को को मदद की पेशकश की है। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है क्योंकि बचाव कर्मी दूरदराज के प्रभावित इलाकों तक पहुंचने के लिए मशक्कत कर रहे हैं। घरों में सो रहे लोग भूकंप आने पर बाहर भागने लगे। सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज के दिख रहा है कि लोग देर रात मराकेश शहर की सड़कों पर हैं और इमारतों के अंदर वापस जाने से डर रहे हैं। इस भूकंप में 750 से ज्‍यादा लोग गंभीर रूप से जख्‍मी हैं।

मराकेश की छत भी क्षतिग्रस्‍त
एक व्यक्ति ने बताया कि वह पास के एक अपार्टमेंट में जा रहा था, तभी बर्तन और दीवार पर लटकी चीजें गिरने लगीं। एक महिला ने बताया कि ‘तीव्र कंपन’ महसूस करने के बाद वह अपने घर से बाहर निकल आई। एक बच्चे को गोद में लिए हुए एक व्यक्ति ने कहा कि वह भूकंप के झटके के कारण जाग गया। पीले रंग के जैकेट पहने आपात सेवा कर्मी इमारतों के मलबे में दबे जीवित लोगों की तलाश कर रहे थे। मोरक्को की मीडिया ने बताया कि मराकेश शहर के सबसे प्रसिद्ध स्थलों में से शामिल 12वीं सदी की कुतुबिया मस्जिद को नुकसान पहुंचा है, लेकिन यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि क्षति कितनी हुई है। इसकी 69 मीटर (226-फुट) मीनार को ‘मराकेश की छत’ के रूप में जाना जाता है।

मलबे में तब्‍दील हुईं इमारतें
मोरक्को वासियों ने सोशल मीडिया पर कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें इमारतें ढहकर मलबे में तब्दील हुई दिख रही हैं और चारों तरफ धूल नजर आ रही है। मराकेश के चारों ओर बनी प्रसिद्ध लाल दीवारों के कुछ हिस्से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। मराकेश यूनेस्को (संयुक्त राष्ट्र शैक्षिक, वैज्ञानिक एवं सांस्कृतिक संगठन) के विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल है। मोरक्को के गृह मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि कम से कम 820 लोगों की मौत हुई है और इनमें से ज्यादातर मराकेश और भूकंप के केंद्र के पास के पांच प्रांतों से हैं।

बिजली सप्‍लाई ठप
भूकंप के केंद्र के पास स्थित एक शहर के प्रमुख ने मोरक्को की समाचार साइट ‘2एम’ को बताया कि निकटवर्ती शहरों के कई मकान आंशिक रूप से या पूरी तरह ढह गए हैं, कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति ठप हो गई है और सड़क मार्ग अवरूद्ध हो गए हैं। तलत एन याकूब शहर के प्रमुख अब्दर्रहीम ऐत दाउद ने बताया कि प्राधिकारी प्रांत में सड़कों को साफ कर रहे हैं, ताकि एम्बुलेंस वहां से गुजर सके और प्रभावित आबादी को सहायता मुहैया कराई जा सके। उन्होंने कहा कि पर्वत पर स्थित गांवों के बीच अत्यधिक दूरी होने के कारण नुकसान का आकलन करने में समय लगेगा।

(स्रोत : नवभारत टाइम्स)

No comments:

Post a Comment