Saturday 22 January 2022

फाइल न लाने पर केंद्रीय मंत्री ने कुर्सी से पीटा', ओडिशा के अधिकारियों का आरोप, केस दर्ज

फाइल न लाने पर केंद्रीय मंत्री ने कुर्सी से पीटा', ओडिशा के अधिकारियों का आरोप, केस दर्ज



ओडिशा सरकार के दो अधिकारियों ने केंद्रीय मंत्री और बीजेपी सांसद बिश्वेश्वर टुडु पर कुर्सी से मारने का आरोप लगाया है। इनमें से एक अधिकारी के हाथ में फ्रैक्चर हुआ है और वह अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं मंत्री के खिलाफ आईपीसी की तमाम धाराओं के तहत केस भी दर्ज किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि केंद्रीय मंत्री ने मयूरभंज के बरिपाडा स्थित स्थानीय बीजेपी दफ्तर पर मीटिंग के लिए बुलाया था। यहां अपने साथ एक ऑफिशल फाइल न लाने पर वह इतने भड़के कि कुर्सी से हमला कर दिया। टुडु ने इन आरोपों को अपने खिलाफ साजिश बताया।

एक अधिकारी के हाथ में हुआ फ्रैक्चर

बिश्वेश्वर टुडु केंद्र में आदिवासी मामले और जलशक्ति राज्य मंत्री हैं। वह लोकसभा में मयूरभंज क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। बताया जा रहा है कि इस वाकये में मयूरभंज जिला योजना बोर्ड के सहायक निदेशक देबाशीष मोहापात्रा का हाथ फ्रैक्चर हो गया। देबाशीष ने एक अंग्रेजी अखबार से बातचीत में कहा कि वह और डेप्युटी डायरेक्टर अश्विनी मलिक को संसद सदस्य स्थानीय क्षेत्र विकास योजना की रिव्यू मीटिंग के लिए बुलाया गया था।


केंद्रीय मंत्री ने आरोपों को बेबुनियाद बताया

अधिकारी ने आरोप लगाया कि मीटिंग के दौरान सांसद को इतना गुस्सा आया कि उन्हें प्लास्टिक की कुर्सी से ही पीटने लग गए। केन्द्रीय मंत्री बिश्वेश्वर टुडु ने इन आरोपों को बेबुनियाद कहा। उन्होंने कहा, 'पंचायत चुनाव से पहले हमारे प्रचार में खलल डालने के लिए ये सत्तारूढ़ बीजेडी की साजिश है। अब मैं अपनी पार्टी के लिए प्रचार पर और ज्यादा ध्यान दे रहा हूं।'


केंद्रीय मंत्री के खिलाफ केस दर्ज

मोहापात्रा और उनके साथी अश्विनी मलिक ने दावा किया कि मंत्री गलत बोल रहे हैं। मोहापात्रा ने बताया कि केंद्रीय मंत्री के हमले में उनके बाएं हाथ में फ्रैक्चर हो गया। दोनों ने मंत्री के खिलाफ आधिकारिक शिकायत भी दर्ज कराई है। बरिपाडा पुलिस थाने के इंस्पेक्टर बिरेंद्र सेनापति ने कहा कि मामले में जांच जारी है। मंत्री के खिलाफ आईपीसी की धारा 323, 325, 294 और 506 के तहत केस दर्ज हुआ है।

(स्रोत : नवभारत टाइम्स)

No comments:

Post a Comment