Thursday 17 February 2022

'चीन सरहदों पर बैठा है, सरकार नेहरू पर अटकी है...' इकॉनमी से विदेश नीति तक, मनमोहन सिंह ने केंद्र को घेरा

'चीन सरहदों पर बैठा है, सरकार नेहरू पर अटकी है...' इकॉनमी से विदेश नीति तक, मनमोहन सिंह ने केंद्र को घेरा





नई दिल्‍ली: पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह (Ex PM Manmohan Singh slams Modi Government) ने महंगाई, बेरोजगारी से लेकर आर्थिक और विदेश नीति तक केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्‍होंने कहा है कि मोदी सरकार आज देश की तमाम समस्‍याओं को सुलझाने के बजाय पूर्व प्रधानमंत्री नेहरू (Jawaharlal Nehru) को कसूरवार ठहराने में ज्‍यादा दिलचस्‍पी ले रही है। सिंह ने बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, विदेश नीति और आर्थिक नीति पर सरकार को फेल बताया है। उन्‍होंने यह भी कहा कि चीन हमारी सरहदों (China sitting at our Borders) पर बैठा है। जबकि सरकार तथ्‍यों का दबाने में जुटी है। मनमोहन सिंंह का यह बयान पंजाब चुनाव से ठीक पहले आया है।

पूर्व प्रधानमंत्री ने गुरुवार को कहा कि बीजेपी के नेतृत्‍व वाली सरकार को आर्थिक नीतियों की समझ नहीं है। यह मसला सिर्फ देश तक सीमित नहीं है। यह सरकार विदेश नीति में भी फेल साबित हुई है। चीन हमारी सीमाओं पर बैठा है और सरकार तथ्‍यों को छुपाने की कोशिश कर रही है।

पूर्व पीएम बोले, 'एक तरफ लोग बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं तो दूसरी तरफ सरकार अब भी तमाम समस्‍याओं के लिए पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को दोषी ठहरा रही है। मोदी सरकार पिछले साढे़ सात साल से सत्‍ता में है। वह गलतियों को मानने और उन्‍हें दुरुस्‍त करने के बजाय पुरानी बातों का राग आलाप रही है।'

सरकार का राष्‍ट्रवाद अंग्रेजों की नीति पर आधारित
सिंह बोले कि लोगों को कांग्रेस के अच्‍छे कामों की याद आ रही है। बीजेपी ने पंजाब के सीएम को अपमानित करने की कोशिश की। मोदी सरकार में अमीर और अमीर होता जा रहा है। वहीं, गरीब और गरीब। किसान आंदोलन के समय में भी पंजाब और पंजाबियत को बदनाम करने की कोशिश की गई।

सिंह ने कहा कि पूरी दुनिया पंजाबियों की वीरता, देशभक्ति और बलिदान का सम्‍मान करती है। लेकिन, एनडीए सरकार इनके बारे में बात नहीं करती है। दरअसल, राष्‍ट्रवाद अंग्रेजों की बांटो और राज करो की नीति पर आधारित है। संबंध गले लगने और बिना बुलाए बिरयानी खाने पहुंच जाने से नहीं सुधरते हैं। बीजेपी सरकार का राष्‍ट्रवाद अंग्रेजों की नीति पर आधारित है। मोदी के कार्यकाल में संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है।

सिंह ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्‍होंने ज्‍यादा बोलने के बजाय काम करने को तवज्‍जो दी।
इस दौरान उन्‍होंने भारतीयों की छवि अंतरराष्‍ट्रीय पटल पर ऊंची करने का काम किया।

(स्रोत : नवभारत टाइम्स)

No comments:

Post a Comment